लोक अदालत मे सुलझे 6786 मसले, कई परिवारों का हुआ मिलन


नोएडा। लोगों को बेहतर न्याय दिलाने के मकसद से लगने वाली लोक अदालत हजारों लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा प्राप्त निर्देषों के अनुपालन और गौतमबुद्धनगर के जिला जज विशेष शर्मा, के निर्देशन में 14 सितंबर को लोक अदालत का आयोजन हुआ। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश द्वारा वादकारियों को 19,35,000 की प्रतिकर धनराशि दिलवाई गई। इन फैसलों से लंबे समय से अदालत के चक्कर काट रहे लोगों को राहत मिली। इसके साथ ही 10 इजराय वाद तथा 02 अन्य वादो का निस्तारण किया गया। यह जानकारी सचिव मीनाक्षी सिन्हा ने दी। उन्होने बताया कि प्रथम अपर जिला जज द्वार 03 वादों व पष्टम, अपर जिला द्वारा 864 तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा 1275 वादों का निस्तारण तथा प्रथम, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा 905 वादो का निस्तारण किया गया। दीवानी न्यायालय द्वारा कुल 5451 वादो का निस्तारण हुआ तथा तहसील न्यायालयो द्वारा 998 मामलों का निस्तारण हुआ। उन्होने बताया कि प्रि-लिटीगेशन स्तर पर बैंको द्वारा 225 बी.एस.एन.एल द्वारा 89 व एन0पी0सी0एल0 द्वारा 22 मामलों का निस्तारण लोक अदालत में हुआ। राष्ट्रीय लोक अदालत के अन्तर्गत कुल 6786 मामलों का निस्तारण हुआ। इसके अतिरिक्त परिवार न्यायालय द्वारा 03 दम्पत्ति युगल का सुलह के माध्यम से पुर्नमिलन एवं माता-पुत्र के मध्य पारिवारिक वादों को सुलह एवं समझौता से निस्तारण किया गया। साथ ही परिजनों को बेहतर जीवन बिताने की शुभकामनाएं भी अदालत की ओर से दी गई। सचिव मीनाक्षी सिन्हा ने बताया कि जनहित एवं हरलाल लॉ कॉलेज के विधि स्नातक छात्र छात्राओं को जिला एवं सत्र न्यायालय में आयोजित लोक अदालत की कार्यवाही व प्रक्रियाओ का अवलोकन कराया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश  विशेष शर्मा एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती मीनाक्षी सिन्हा, नरेश चन्द्र गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता दीवानी न्यायालय एवं शिखर ठकराल मीडिएटर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लोक अदालत एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रक्रिया व उपयोगिता एवं महत्वता के बारे में इन छात्र छात्रों को अवगत कराया गया। बता दें कि लोक अदालतों के माध्यम से आम लोगों को बेहतर न्याय देने की व्यवस्था की गई है। समय समय पर इन अदालतों का आयोजन किया जाता है।